सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत दीपके, मंच पर ही रो पड़े CJP चीफ, Video

सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटा दिया है. उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है. इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठ गए.
दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर ही भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. मंच पर बैठे हुए दीपके अचानक भावुक हो गए और रो पड़े. सीजेपी चीफ मंच पर भावुक होने का वीडियो सामने आया है.
इस मौके पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडिंग प्रेसिडेंट अभिजीत दीपके ने कहा, ‘मैं आज से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं. मैं सभी से अपील करता हूं कि वे पीछे न हटें. यह आंदोलन और बड़ा होगा. उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है. मैं सभी से जंतर-मंतर आने की अपील करता हूं. हमारा आंदोलन यहां से जारी रहेगा और हम 20 जुलाई को होने वाले अपने मार्च के साथ आगे बढ़ेंगे. अभिजीत दीपके जब मंच पर रो रहे थे तब उन्होंने अपनी आंखें पोछी और उनके दोस्त ने उन्हें गले लगाया और हिम्मत देने की कोशिश की.
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हुए सोनम वांगचुक
जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामले पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि मेडिकल सलाह और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार वांगचुक को अस्पताल ले जाया गया है. अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वांगचुक अभी चिकित्सकों की निगरानी में हैं. नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) सचिन शर्मा ने PTI-भाषा से कहा कि स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट के आदेशों के अनुरूप सोनम वांगचुक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें जरूरी मेडिकल सहायता उपलब्ध कराया जा रहा है.
अभिजीत दीपके ने पुलिस पर लगाए आरोप
पुलिस की कार्रवाई के तुरंत बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया.दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि दिल्ली पुलिस ने मेरे साथ मारपीट की है और मुझे हिरासत में ले लिया है.




